मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया फ्लाइट में बम की धमकी, विमान को बीच रास्ते से लौटना पड़ा

बम की धमकी के बाद मुंबई लौटी एअर इंडिया की न्यूयॉर्क फ्लाइट
मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी के बाद हड़कंप मच गया। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान के टॉयलेट में एक संदिग्ध पत्र मिला, जिसमें बम होने का दावा किया गया था। इसके बाद पायलट को विमान वापस मुंबई लाने का फैसला लेना पड़ा।
322 यात्री सवार थे, सुरक्षित हुई लैंडिंग
बोइंग 777-300ER विमान में कुल 322 लोग सवार थे, जिनमें 19 क्रू मेंबर भी शामिल थे। विमान को एहतियातन मुंबई वापस लाया गया, जहां सुबह 10:25 बजे (स्थानीय समयानुसार) यह सुरक्षित लैंड हुआ। एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि “हमने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को मुंबई लौटाया।”
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
विमान के उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने इसकी गहन जांच शुरू कर दी। बम स्क्वॉड और अन्य टीमें विमान की पूरी तलाशी ले रही हैं। एयर इंडिया ने इस मामले में अधिकारियों को पूरा सहयोग देने की बात कही है।
यात्रियों को नई फ्लाइट से भेजने की तैयारी
विमान में सवार यात्रियों को न्यूयॉर्क पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है। एयर इंडिया प्रवक्ता ने कहा, “हम यात्रियों को उनकी मंज़िल तक जल्द से जल्द पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।” यात्रियों को होटलों में ठहराया गया है और नई उड़ान के बारे में जल्द अपडेट दिया जाएगा।