गाजा संघर्ष पर जल्द लग सकता है विराम, इस्राइल और हमास के बीच समझौते की संभावना

गाजा संघर्ष पर जल्द लग सकता है विराम, इस्राइल और हमास के बीच समझौते की संभावना

गाजा में 15 महीनों से चल रहे संघर्ष पर अब जल्द विराम लग सकता है। इस्राइल की सुरक्षा कैबिनेट ने उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें गाजा में संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई की बात की गई है। इस प्रस्ताव को अब इस्राइल की पूरी कैबिनेट में रखा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद रविवार को संघर्ष विराम लागू हो सकता है।

समझौते पर देर से सहमति

इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पहले यह जानकारी दी थी कि छह हफ्ते के संघर्ष विराम समझौते पर सहमति बन चुकी है। हालांकि, उन्होंने आखिरी समय में हुए विवाद को इस समझौते में देरी का कारण बताया। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि विशेष कार्यबल को बंधकों की अगवानी के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

बंधकों की रिहाई का आश्वासन

इस समझौते के तहत, रविवार को 33 बंधकों की रिहाई हो सकती है। इनमें महिलाएं, बच्चे और 50 वर्ष से ऊपर के पुरुष शामिल होंगे। बाकी बंधकों की रिहाई अगले चरण में की जाएगी, जिसमें सैनिक भी शामिल होंगे। बदले में इस्राइल अगले छह हफ्तों में सैकड़ों फलस्तीनी बंदियों को छोड़ देगा।

इस्राइल के छह प्रमुख अस्पतालों को बंधकों को रखने के लिए तैयार किया गया है। इस्राइल के चिकित्सा निदेशालय के प्रमुख डॉ. हगर मिजराही ने कहा कि बंधकों को बहुत ही कठिन परिस्थितियों में रखा गया है। इनमें से कई बंधकों की स्थिति चिंताजनक हो सकती है, क्योंकि उन्हें पोषण और स्वच्छता की कमी का सामना करना पड़ा है।

गाजा से इस्राइली सेना की वापसी

समझौते के तहत इस्राइली सेना गाजा के कई इलाकों से वापस लौटेगी। इसके बाद, फलस्तीनी नागरिक अपने घरों को लौट सकेंगे। जिन लोगों को युद्ध के दौरान शरणार्थी शिविरों में रहना पड़ा था, उन्हें वापस अपने घर लौटने का मौका मिलेगा।

इस संघर्ष ने बहुत बड़ी मानविय लागत दी है। 7 अक्टूबर, 2023 को हमास ने इस्राइल पर हमला किया था, जिसमें 1,200 लोग मारे गए थे। इस संघर्ष में अब तक 46,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

मिस्र ने इस्राइल और हमास से आग्रह किया है कि बिना देर किए समझौते को लागू किया जाए। विदेश मंत्री बद्र अब्देलती ने कहा, “हम इस संघर्ष के अंत के लिए जल्द ही सभी अनुमोदन और कार्यान्वयन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।”